द्रोणिका के असर से बदलेगा मौसम, बिलासपुर में अगले 5 दिन बारिश और अंधड़ के आसार

बिलासपुर संभाग में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ के ऊपर सक्रिय द्रोणिका के प्रभाव से आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। अगले पांच दिनों तक बिलासपुर सहित संभाग के कई क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। रविवार को बिलासपुर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश से तेलंगाना तक समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर एक द्रोणिका सक्रिय है। इसके प्रभाव से प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ रही हैं। मानसून की उत्तरी सीमा भी लगातार आगे बढ़ रही है, जिससे प्रदेश के मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।

पिछले 24 घंटों में बिलासपुर के अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को 41.6 डिग्री रहने वाला तापमान रविवार को 41 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। हवा में 48 प्रतिशत तक आर्द्रता रहने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने 8 जून के लिए विशेष चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

हालांकि अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन शाम और रात के समय होने वाली बूंदाबांदी तथा बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान में आई गिरावट भी मौसम में बदलाव का संकेत मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!