स्वच्छता सर्वेक्षण की केंद्रीय टीम बिलासपुर पहुंची, नागरिकों से ले रही फीडबैक

बिलासपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत केंद्रीय मूल्यांकन टीम बिलासपुर पहुंच गई है। पांच सदस्यीय दल शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक सुविधाओं का जमीनी स्तर पर आकलन कर रहा है। टीम बाजारों, वार्डों, सार्वजनिक स्थलों और सामुदायिक शौचालयों का निरीक्षण करने के साथ-साथ नागरिकों से सीधे बातचीत कर उनकी संतुष्टि और सुझाव भी जान रही है।

इस वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण बदले हुए प्रारूप में किया जा रहा है, जिसमें केवल सफाई व्यवस्था ही नहीं बल्कि नागरिक संतुष्टि, जनभागीदारी, कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक सुविधाओं की गुणवत्ता को भी मूल्यांकन का महत्वपूर्ण आधार बनाया गया है। इसी के तहत केंद्रीय टीम विभिन्न इलाकों में पहुंचकर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कर रही है।

गौरतलब है कि पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण में 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिलासपुर ने देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। इस बार नगर निगम की नजर शीर्ष स्थान पर है। लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार सर्वेक्षण में फील्ड निरीक्षण के साथ नागरिकों की राय भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसलिए शहरवासियों से स्वच्छता बनाए रखने और सर्वेक्षण टीम को अपने अनुभव साझा करने की अपील की गई है।

नए प्रारूप में फीडबैक और फील्ड वेरिफिकेशन को अधिक महत्व मिलने के कारण केंद्रीय टीम सीधे लोगों से संवाद कर रही है और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति परख रही है। नगर निगम को उम्मीद है कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी बिलासपुर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!