वकील निखिल गोस्वामी हत्याकांड: तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, मुख्य आरोपी भोला समेत चार फरार

बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के पथर्रा निवासी अधिवक्ता एवं जिम संचालक निखिल गोस्वामी की निर्मम हत्या के तीन दिन बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। मामले का मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी और उसके तीन साथी अब भी फरार हैं। चिंताजनक बात यह है कि वारदात में शामिल चार आरोपियों में से दो की पहचान तक पुलिस नहीं कर पाई है।

पुलिस जांच में प्रारंभिक तौर पर हत्या की वजह आरोपी की पत्नी के साथ कथित संबंधों का शक और पुरानी रंजिश बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार निखिल गोस्वामी वकालत के साथ-साथ जिम संचालन और बारों में बाउंसर उपलब्ध कराने का काम भी करते थे। भोला मानिकपुरी के खिलाफ दर्ज कई मामलों की पैरवी भी निखिल ही कर रहे थे, जिसके चलते दोनों के बीच लगातार संपर्क बना हुआ था।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम कोर्ट से लौटते समय आरोपियों ने निखिल का पीछा किया। सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद बदमाशों ने पहले उनके चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंका। इसके बाद लाठियों से हमला किया और सड़क किनारे पड़े पत्थर से सिर कुचलकर उनकी हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है। वह हत्या, हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर मामलों में पहले भी जेल जा चुका है। उसके खिलाफ कई मामले वर्तमान में भी न्यायालय में लंबित हैं।

घटना के बाद से पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। वहीं, हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान नहीं हो पाने से जांच की गति पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!