पेयजल संकट को लेकर आज निगम का घेराव करेगी कांग्रेस

शशि मिश्रा

बिलासपुर। शहर में गहराते पेयजल संकट और नगर निगम की कार्यशैली के विरोध में शहर कांग्रेस कमेटी सोमवार को नगर निगम कार्यालय का घेराव करेगी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने बताया कि शहर के कई वार्डों में सबमर्सिबल पंप खराब होने, नलों से गंदा एवं बदबूदार पानी आने तथा पानी के टैंकरों की कमी से नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि हेमूनगर क्षेत्र में पिछले 15 से 20 दिनों से कई घरों में नाली का दूषित पानी सप्लाई होने की शिकायतें सामने आई हैं। आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या के समाधान के बजाय संबंधित आरोपों को खारिज कर दिया गया। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन का निर्णय लिया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार शाम 4 बजे तिलक नगर स्थित कांग्रेस भवन में वर्तमान और पूर्व विधायक, पार्षद, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। इसके बाद पदयात्रा निकालकर नगर निगम कार्यालय पहुंचेंगे, जहां प्रदर्शन और घेराव किया जाएगा। कांग्रेस ने निगम प्रशासन से तत्काल पेयजल व्यवस्था सुधारने और प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने की मांग की है।

एलपीजी सिलेंडर महंगा होने पर केंद्र सरकार को घेरा

बिलासपुर। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी लागू होने के बाद पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब रसोई गैस के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

पांडेय ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे परिवारों के लिए गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतें चिंता का विषय हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भारत को अन्य देशों से अपेक्षाकृत सस्ता ईंधन उपलब्ध हो सकता है, तो उसका लाभ उपभोक्ताओं तक क्यों नहीं पहुंचाया जा रहा।

पूर्व विधायक ने कहा कि गैस की कीमतों में वृद्धि का असर केवल रसोई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दूध, खाद्य तेल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से महंगाई पर नियंत्रण और आम जनता को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!