अवैध गतिविधियों के संचालन के आरोप के बाद शहर के कुछ होटल में खानापूर्ति वाली कार्यवाही

शशि मिश्रा

बिलासपुर। शहर में अवैध होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। रविवार को निगम और तारबाहर पुलिस की संयुक्त टीम ने पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में जांच अभियान चलाया, जिसमें 12 कमरों वाले रामेश्वरम लॉज को सील कर दिया गया, जबकि दस्तावेजी कमियां मिलने के बावजूद अन्य प्रतिष्ठानों को केवल नोटिस देकर छोड़ दिया गया।

जांच के दौरान 22 कमरों वाले कृष्णा लॉज और शर्मा लॉज आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रूप से प्रस्तुत नहीं कर सके। शर्मा लॉज का ट्रेड लाइसेंस भी समाप्त पाया गया तथा फायर सेफ्टी मानकों में भी खामियां सामने आईं। इसके बावजूद दोनों प्रतिष्ठानों पर सीलिंग की कार्रवाई नहीं की गई।

वहीं सबसे बड़ा सवाल यह है कि इसी क्षेत्र में स्थित 64 कमरों के निर्माणाधीन होटल रायल रामा और 20 कमरों वाले होटल अशोका तक जांच टीम नहीं पहुंची। दोनों होटलों को नगर निगम पहले ही नक्शा उल्लंघन के मामले में दो-दो बार नोटिस जारी कर चुका है। इसके बावजूद न तो निर्माण कार्य रुका और न ही रविवार की कार्रवाई के दौरान उनकी जांच की गई।

नगर निगम की टीम ने बिल्डिंग परमिशन, ट्रेड लाइसेंस, गुमास्ता पंजीयन, फायर सेफ्टी और अन्य दस्तावेजों की जांच की। अधिकारियों के अनुसार कुछ प्रतिष्ठानों के रजिस्टरों में स्थानीय लोगों और कपल्स को कमरे दिए जाने की जानकारी भी मिली। वहीं रामेश्वरम लॉज में निरीक्षण के दौरान आपत्तिजनक सामग्री मिलने का दावा किया गया, जिसके बाद उसे सील कर दिया गया।

शहर के कई होटल और लॉज भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन कर संचालित होने की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं। कई जगह स्वीकृत नक्शे से अधिक मंजिलों का निर्माण किया गया है, जबकि पार्किंग और सेटबैक क्षेत्र को कमरों में तब्दील कर दिया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि फायर सेफ्टी व्यवस्था, आपातकालीन निकास और पर्याप्त खुली जगह की कमी किसी दुर्घटना की स्थिति में गंभीर खतरा पैदा कर सकती है।

जांच के दौरान विकास शर्मा द्वारा संचालित शर्मा लॉज और रामेश्वर होम्स में जीएसटी पंजीयन, ट्रेड लाइसेंस, गुमास्ता पंजीयन, बिल्डिंग परमिशन और फायर सेफ्टी से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। इसके बावजूद सीलिंग की कार्रवाई केवल रामेश्वरम लॉज पर होने से निगम की कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

इस संबंध में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि रामेश्वरम लॉज को सील किया गया है। गीता होटल के पीछे स्थित दोनों होटलों को नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!