सराफा व्यापारी हत्याकांड का फरार शूटर झारखंड से गिरफ्तार, लूट का माल बरामद

पेण्ड्रा। जीपीएम जिले के चर्चित सराफा व्यापारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 26 मई को पेण्ड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी साप्ताहिक बाजार में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले फरार शूटर को पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देशन में जिला पुलिस, जिला साइबर सेल और रेंज साइबर की संयुक्त टीम ने मामले की जांच करते हुए डिजिटल ट्रैकिंग एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। इसी क्रम में 3 जून को झारखंड के देवघर जिले के जसीडीह क्षेत्र से मुख्य आरोपी राहुल उर्फ मनीष मंडल (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी बांका जिले के विजय नगर क्षेत्र का निवासी है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर लूटे गए सोना-चांदी के आभूषणों में से उसके हिस्से का सामान बरामद किया गया है। इसके अलावा चार मोबाइल हैंडसेट, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन तथा अन्य महत्वपूर्ण सामग्री भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी से हत्याकांड और लूट से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। मामले में अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की भी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!