

अररिया। बिहार के अररिया जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने दामाद के साथ अवैध संबंधों के चलते अपनी ही बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में मृतका की मां और पति को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, अररिया आरएस थाना क्षेत्र के हयातपुर पंचायत स्थित प्रेम नगर गांव निवासी साजिदा परवीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी शाइस्ता परवीन और दामाद अनु नसर के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे। दोनों एक साथ रहने की मंशा रखते थे और इसी वजह से उनकी बेटी साजिदा रास्ते का बाधक बन गई थी। आरोप है कि मां और दामाद ने मिलकर साजिदा की हत्या कर दी।
परिजनों के अनुसार, शादी के बाद भी शाइस्ता परवीन और अनु नसर का संपर्क बना रहा। दोनों अक्सर बंद कमरे में मिलते थे और बाहर भी साथ देखे जाते थे। बताया जाता है कि कुछ समय पहले साजिदा ने अपनी मां और पति को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद परिवार में विवाद हुआ था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका की मां शाइस्ता परवीन और पति अनु नसर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। सदर एसडीपीओ ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद हत्या के कारणों एवं घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।
