

रायपुर। नीट (यूजी) 2026 की पुनः परीक्षा 21 जून को आयोजित होगी। परीक्षा के निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही परीक्षा से एक दिन पहले, 20 जून को सभी जिलों में व्यवस्थाओं की मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
योग दिवस और परीक्षा एक ही दिन, प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें वीआईपी, जनप्रतिनिधि और हजारों नागरिक शामिल होंगे। ऐसे में प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह रहेगी कि योग दिवस के कार्यक्रमों और वीआईपी मूवमेंट का असर नीट अभ्यर्थियों के आवागमन पर न पड़े।
मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी भी परीक्षार्थी को समय पर केंद्र पहुंचने में परेशानी न हो।
19 शहरों के 127 केंद्रों पर होगी परीक्षा
एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ में नीट (यूजी) 2026 की पुनः परीक्षा 19 शहरों के 127 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन से सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने और परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का आग्रह किया।
एयर फोर्स के जरिए पहुंचेंगे प्रश्नपत्र
परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट एयर फोर्स के माध्यम से संबंधित जिलों तक पहुंचाई जाएंगी। इनके सुरक्षित परिवहन और भंडारण के लिए कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम स्थापित कर परीक्षा दिवस पर उसे सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल समन्वय और कार्रवाई की जा सके।
भाजपा ने एनएसयूआई अध्यक्ष पर लगाए आरोप
इधर, नीट परीक्षा को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ आए एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ परीक्षा घोटालों और डमी कैंडिडेट प्रकरणों से जुड़े मामलों में नामजद रहे हैं। भाजपा ने राजस्थान कॉलेज में पीजी प्रवेश परीक्षा के दौरान सामने आए कथित डमी उम्मीदवार मामले का उल्लेख करते हुए कांग्रेस और एनएसयूआई पर सवाल उठाए हैं।
हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
20 जून को होगी अंतिम तैयारी की जांच
प्रशासन ने 20 जून को मॉक ड्रिल के माध्यम से सुरक्षा, यातायात, प्रश्नपत्र वितरण, कंट्रोल रूम संचालन और परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा करने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का मानना है कि इससे 21 जून को परीक्षा संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की संभावना को कम किया जा सकेगा।
