
बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम नरगोड़ा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो सगे मासूम भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने दादा के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने एक दिन पहले ही दिल्ली से गांव पहुंचे थे। घटना के बाद परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम नरगोड़ा निवासी किशोर कुमार खरे के पुत्र ऋषभ कुमार खरे (11 वर्ष) और रितेश कुमार खरे (13 वर्ष) अपने पिता के साथ दिल्ली में रहते थे। उनके दादा का हाल ही में निधन हुआ था, जिसके दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने पूरा परिवार गुरुवार को गांव पहुंचा था।
शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे दोनों भाई अपने मित्र निहाल के साथ गांव के नया तालाब में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों बच्चे तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद निहाल ने उन्हें डूबते देखा तो शोर मचाया, लेकिन आसपास कोई नहीं था। इसके बाद वह दौड़कर परिजनों को सूचना देने पहुंचा।
सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और ग्रामीण तालाब पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों के अनुसार दोनों बच्चे गुरुवार को भी परिवार के अन्य सदस्यों के साथ इसी तालाब में नहाने गए थे। बताया जा रहा है कि दिल्ली में रहने के कारण दोनों भाइयों को तैरना नहीं आता था। शुक्रवार को तेज गर्मी के चलते वे दोबारा तालाब पहुंचे और अनजाने में गहरे पानी में चले जाने से हादसे का शिकार हो गए।
घटना की सूचना पर सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिस परिवार में पहले से दादा के निधन का मातम था, वहां दशगात्र के दिन दो मासूम पोतों की मौत ने दुख को और गहरा कर दिया। गांव में दिनभर शोक का माहौल बना रहा।
