पंखे से हमला कर दुकानदार से आईफोन लूटा, नकाबपोश बदमाश फरार

बिलासपुर। शहर के गांधी चौक क्षेत्र में सोमवार शाम एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदार पर हमला कर मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। दो नकाबपोश बदमाशों ने दुकान में ग्राहक बनकर प्रवेश किया और सीलिंग पंखे से हमला कर आईफोन-13 प्रो मैक्स लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गांधी चौक निवासी अविनाश चौधरी की क्षेत्र में अविनाश इलेक्ट्रिकल्स नाम से दुकान है। सोमवार शाम करीब 7 बजे सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी पर सवार दो युवक उनकी दुकान पहुंचे। दोनों ने मास्क पहन रखा था। इनमें से एक युवक स्कूटी पर बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा दुकान के भीतर गया।

दुकान में पहुंचे युवक ने पहले सीलिंग पंखा दिखाने की बात कही। इसके बाद उसने कॉल करने के बहाने दुकानदार अविनाश चौधरी से उनका मोबाइल फोन मांगा। इसी दौरान आरोपी ने अचानक सीलिंग पंखे से दुकानदार के सिर पर हमला कर दिया। हमले से अविनाश के संभलने से पहले ही आरोपी उनका करीब 30 हजार रुपये कीमत का आईफोन-13 प्रो मैक्स लेकर बाहर भाग निकला।

वारदात के बाद दोनों बदमाश स्कूटी से मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!