
बिलासपुर। शहर में एक ओर बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट और बंधक बनाने की घटना सामने आई है, वहीं दूसरी ओर मौसम में बदलाव के साथ तकनीकी खराबियों के कारण कई इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। दोनों घटनाओं ने बिजली व्यवस्था और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार गोल बाजार जोन में पदस्थ जूनियर इंजीनियर देव सिंह कंवर और उनकी टीम के साथ 29 मई की रात कथित रूप से मारपीट और अभद्रता की गई। शिकायत के मुताबिक शाहनवाज मकवाना और उसके साथियों ने ड्यूटी पर तैनात बिजली कर्मचारियों को घेरकर रास्ता रोक लिया और उन्हें जबरन बंधक बना लिया। आरोप है कि कर्मचारियों को मोहल्ले में घुमाते हुए गाली-गलौज और मारपीट की गई। घटना से नाराज बिजली कर्मी सिटी कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मुख्य आरोपी शाहनवाज मकवाना समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर मंगलवार को दोपहर बाद चली हल्की आंधी और मौसम में आए बदलाव के साथ शहर की बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो गई। 33 केवी लाइनों में तकनीकी खराबी आने से तालापारा, राजकिशोर नगर, कुदुदंड, हेमूनगर, अज्ञेय नगर, मगरपारा, लिंक रोड और विद्यानगर समेत कई क्षेत्रों में घंटों बिजली आपूर्ति बंद रही।
कुदुदंड क्षेत्र में दोपहर करीब 3 बजे मिट्टी टीला के पास एक फेस बंद हो जाने से 50 से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली सप्लाई प्रभावित हुई। विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य किया, जिसके बाद शाम करीब 7.30 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। वहीं तिफरा 33 केवी लाइन में आई खराबी के कारण इंदू चौक फीडर से जुड़े कई इलाकों की बिजली भी ठप रही।
गर्मी और उमस के बीच लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं बिजली कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद विभागीय कर्मचारियों में रोष व्याप्त है और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
