
बिलासपुर। सरकंडा के अशोक नगर स्थित वार्ड क्रमांक 58 रानी दुर्गावती नगर में पानी टंकी निर्माण को लेकर उत्पन्न विवाद का समाधान बेलतरा विधायक के संवेदनशील हस्तक्षेप से हो गया। सांस्कृतिक एवं धार्मिक मंच के समीप नगर निगम द्वारा पानी टंकी निर्माण के लिए की जा रही खुदाई का विरोध करते हुए बड़ी संख्या में महिलाओं ने मंगलवार को विधायक निवास पहुंचकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
मोहल्लेवासियों ने बताया कि पिछले 17 वर्षों से इसी स्थल पर अखंड नवधा रामायण एवं दुर्गा उत्सव जैसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन होते आ रहे हैं। ऐसे में मंच के पास पानी टंकी निर्माण से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हो रही थीं। महिलाओं और समिति के पदाधिकारियों ने विधायक के समक्ष अपनी चिंता रखी।
मामले की गंभीरता और जनभावनाओं को देखते हुए विधायक सुशांत शुक्ला ने तत्काल पहल करते हुए संबंधित पक्षों से चर्चा की तथा पानी टंकी के लिए वैकल्पिक स्थान तलाशने का आश्वासन दिया। विधायक के इस त्वरित निर्णय के बाद प्रदर्शन कर रही महिलाएं शांत हुईं और विवाद फिलहाल समाप्त हो गया।
इतना ही नहीं, विधायक ने क्षेत्र की सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंच के विकास एवं बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 15 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा भी की। उनके इस निर्णय का स्थानीय नागरिकों एवं महिलाओं ने स्वागत किया।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि विधायक ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए जिस तत्परता से निर्णय लिया, उससे लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है। वहीं मोहल्लेवासियों ने उम्मीद जताई है कि नगर निगम भी जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए पानी टंकी निर्माण के लिए उपयुक्त वैकल्पिक स्थान का चयन करेगा।
