
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक हाइवा चालक के साथ मारपीट और लूटपाट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चार नकाबपोश बदमाशों ने चालक को बंधक बनाकर जंगल में ले जाकर बेरहमी से पीटा और उसके मोबाइल, चांदी की चेन समेत नकदी ऑनलाइन ट्रांसफर करवा ली।
जानकारी के अनुसार, उसलापुर शिव नगर निवासी हमेश कुमार कोशले हाइवा चालक हैं। सोमवार रात वे अपने साथी दीपक मानिकपुरी और दुर्गेश यादव के साथ भरनी मेला ग्राउंड में मुरूम खाली करने के बाद हाइवा लेकर दबेना की ओर जा रहे थे। रात करीब एक बजे संबलपुर तालाब के पास जंगल की ओर से टॉर्च दिखाकर किसी ने वाहन रुकवाया।
हाइवा रुकने पर वहां पहले से एक ट्रेलर और होंडा शाइन मोटरसाइकिल खड़ी दिखाई दी। इसी दौरान मुंह बांधे चार युवक गाली-गलौज करते हुए उनके पास पहुंचे और विवाद करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर तीनों दोस्त जान बचाकर भागने लगे। दीपक और दुर्गेश अंधेरे का फायदा उठाकर निकल गए, लेकिन हमेश का पैर फिसलने से वह नाले में गिर गया, जहां बदमाशों ने उसे पकड़ लिया।
आरोपियों ने हमेश को घसीटते हुए पास के जंगल में ले जाकर उसकी जमकर पिटाई की। मारपीट में उसके सिर, बाएं हाथ और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसके मोबाइल से हाइवा मालिक श्रवण यादव को कॉल किया और यूपीआई के माध्यम से रकम ट्रांसफर करवाई।
इसके बाद आरोपियों ने हमेश से उसके फोन-पे खाते की जानकारी हासिल कर ली और उसका मोबाइल फोन, चांदी की चेन सहित अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।
घटना की शिकायत पर सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी हुई है।
