तारबाहर उपचुनाव में 69.74% मतदान, कांग्रेस के आजम और भाजपा के मधु के बीच मुकाबला, 4 जून को आएगा फैसला

बिलासपुर। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर (तारबाहर) में पार्षद पद के लिए सोमवार को हुए उपचुनाव में मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया। कुल 5255 मतदाताओं में से 3665 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे मतदान प्रतिशत 69.74 रहा। अब कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद आजम और भाजपा उम्मीदवार वी. मधुसूदन राव के राजनीतिक भविष्य का फैसला 4 जून को मतगणना के बाद होगा।

सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह 11 बजे तक करीब 25 प्रतिशत मतदान हो चुका था। दोपहर 1 बजे तक 2376 मतदाता वोट डाल चुके थे, जबकि शाम 5 बजे मतदान समाप्त होने तक कुल 3665 मत पड़े।

मतदान प्रतिशत के हिसाब से पुरुष मतदाताओं की भागीदारी 71.65 प्रतिशत रही, जबकि महिलाओं का मतदान प्रतिशत 67.94 दर्ज किया गया। हालांकि वास्तविक संख्या में महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ दिया। 1826 पुरुषों के मुकाबले 1838 महिलाओं ने मतदान किया।

मतदान के दौरान कई बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता भी उत्साह के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। कुछ मतदाता व्हीलचेयर पर तो कुछ प्लास्टर लगे पैर के साथ वोट डालने पहुंचे।

मतदान केंद्रों के बाहर राजनीतिक हलचल

चुनाव के दौरान कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के नेता व कार्यकर्ता पूरे दिन सक्रिय रहे। कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद आजम और भाजपा उम्मीदवार वी. मधुसूदन राव मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं से समर्थन मांगते नजर आए। इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं की भीड़ और गहमागहमी बनी रही।

भाजपा की ओर से विधायक अमर अग्रवाल, जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, पूर्व महापौर किशोर राय, महेश चंद्रिकापुर, मनीष अग्रवाल, रंगा नादम और प्रवीण दुबे सहित कई नेता मौजूद रहे। वहीं कांग्रेस की ओर से पूर्व विधायक शैलेश पांडेय, शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, विजय पांडेय, विजय केशरवानी, समीर अहमद और शैलेंद्र जायसवाल सहित अन्य नेता पूरे दिन सक्रिय रहे।

मतदान प्रतिशत बढ़ने के पीछे एसआईआर का असर

तारबाहर वार्ड में मतदान प्रतिशत पिछले चुनाव की तुलना में 15.74 प्रतिशत अधिक दर्ज किया गया, लेकिन इसके पीछे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का बड़ा प्रभाव माना जा रहा है। पिछले चुनाव में वार्ड में 7251 मतदाता थे, जिनमें से एसआईआर के दौरान 1996 नाम हटाए गए और मतदाताओं की संख्या घटकर 5255 रह गई। पिछले चुनाव में करीब 54 प्रतिशत मतदान हुआ था।

जातीय और सामाजिक समीकरणों पर नजर

वार्ड के कुल मतदाताओं में मुस्लिम, अनुसूचित जाति, ईसाई, अनुसूचित जनजाति और रजक समाज के मतदाताओं की संख्या 3185 है। चुनाव के दौरान इन वर्गों के मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। राजनीतिक जानकारों के अनुसार इन समुदायों का पारंपरिक झुकाव कांग्रेस की ओर माना जाता है, जिससे कांग्रेस खेमे में उत्साह देखा गया। वहीं भाजपा भी पहली बार इस वार्ड में जीत दर्ज करने की उम्मीद लगाए हुए है।

अब सभी की निगाहें 4 जून को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जब यह साफ होगा कि कांग्रेस अपना गढ़ बचाने में सफल होती है या भाजपा वार्ड में पहली बार जीत का परचम लहराती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!