सरकारी जमीन पर चला निगम का बुलडोजर, 4 मकान और बाउंड्रीवॉल ध्वस्त

बिलासपुर। नगर पालिक निगम ने अवैध प्लाटिंग और शासकीय भूमि पर कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सकरी क्षेत्र में बुलडोजर चलाया। निगम की संयुक्त टीम ने सैदा रोड और उसलापुर स्थित साईं मंगलम के पास विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया, वहीं सरकारी जमीन पर बने मकान और बाउंड्रीवॉल भी तोड़ दिए गए।

निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर भवन शाखा और जोन क्रमांक-1 की टीम ने सकरी के सैदा रोड में कार्रवाई की। यहां अनूप चड्डा द्वारा करीब 3 एकड़ भूमि पर बिना वैध अनुमति के प्लाटिंग की जा रही थी। नगर निगम और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की स्वीकृति के बिना विकसित की जा रही कॉलोनी में बनाई गई सड़कों को उखाड़ दिया गया तथा प्लॉटों की मार्किंग के लिए लगाए गए बिजली के पोल भी जब्त कर हटाए गए।

इसी तरह ग्राम उसलापुर स्थित साईं मंगलम के समीप शिवराज सिंह द्वारा लगभग 2 एकड़ भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी निगम ने कार्रवाई की। यहां बनाई गई सड़कों, बाउंड्रीवॉल और निर्माणाधीन चार मकानों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।

निगम ने सकरी क्षेत्र में शासकीय भूमि को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई भी की। अधिकारियों के अनुसार संजय भार्गव द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध रूप से मकान और पक्की बाउंड्रीवॉल का निर्माण कर कब्जा किया गया था। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को हटाते हुए जमीन को कब्जा मुक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान भवन अधिकारी अनुपम तिवारी, जोन आयुक्त रंजना अग्रवाल, सहायक भवन अधिकारी आशीष पाण्डेय, उप अभियंता राघवेन्द्र सिंह राजपूत, जुगल किशोर सिंह, हितेश मक्कड़ सहित निगम और पुलिस विभाग का अमला मौजूद रहा।

नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से बिना स्वीकृत ले-आउट और वैधानिक अनुमति वाली कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से पहले पूरी जानकारी लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!