

बिलासपुर। शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज एक युवक ने युवती के पिता पर दिनदहाड़े चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना कुदुदंड क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 11 बजे हुई। हमले में घायल मोहितदास मानिकपुरी का उपचार सिम्स अस्पताल में चल रहा है। घटना का पूरा घटनाक्रम पास के गैरेज में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, मोहितदास मानिकपुरी अपने घर के पास स्थित एक गैरेज में बाइक बनवाने गए थे। इसी दौरान कुदुदंड पानी टंकी क्षेत्र निवासी साहिल मरावी वहां चाकू लेकर पहुंचा और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने मोहितदास के सीने और पीठ पर कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना पर घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर भागने के दौरान आरोपी गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में चोट आई। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
परिजनों के अनुसार, साहिल मरावी युवती से शादी करना चाहता था। आरोप है कि उसने शुरुआत में खुद को साहिल मानिकपुरी बताकर रिश्ता तय करने की कोशिश की थी। बाद में उसकी वास्तविक पहचान सामने आने पर परिवार ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद वह लगातार युवती और उसके परिवार पर दबाव बना रहा था। स्थिति से परेशान परिवार किराए का मकान छोड़कर दूसरी जगह जाने की तैयारी कर रहा था।
परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि दो दिन पहले साहिल ने बीच सड़क पर नाबालिग लड़की के साथ मारपीट की थी। इसकी शिकायत लेकर वे सिविल लाइन थाने पहुंचे थे, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो यह हमला टाला जा सकता था। हालांकि थाना प्रभारी ने परिवार के थाने आने से इनकार किया है।
इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। हाल के दिनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें शिकायतों पर समय पर कार्रवाई नहीं होने के आरोप लगे हैं। हालांकि इस मामले में पुलिस ने आरोपी की तोड़ाई बहुत बढ़िया ढंग से की है ।फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
