फार्म हाउस के पीछे नदी किनारे जुआ खेलते तीन आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले में जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिल्हा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी, तीन मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, ताश पत्ती और अन्य सामग्री समेत एक लाख रुपये से अधिक का मशरूका बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले भर में जुआ और सट्टा खेलने-खिलाने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में बिल्हा थाना पुलिस ने क्षेत्र में जनसंपर्क कर जुआ गतिविधियों की जानकारी एकत्रित की।

पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि ग्राम उड़नताल स्थित अग्रवाल फार्म हाउस के पीछे नदी किनारे कुछ लोग हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलते हैं। 30 मई को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी और तीन आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में उड़नताल निवासी मनीष टंडन (32 वर्ष), चकरभाठा निवासी हरीश यादव (40 वर्ष) तथा दगौरी निवासी लक्ष्मण भारद्वाज (35 वर्ष) शामिल हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8,090 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, बोरी फट्टी, तीन मोबाइल फोन तथा तीन मोटरसाइकिल जब्त कीं। जब्त मोटरसाइकिलों की कीमत लगभग एक लाख रुपये और मोबाइल फोन की कीमत करीब 40 हजार रुपये आंकी गई है। कुल मिलाकर एक लाख रुपये से अधिक का मशरूका बरामद किया गया।

मामले में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 293/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ अधिनियम की धारा 3(2) के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बिल्हा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जी.एल. चंद्राकर, प्रधान आरक्षक अनिल बंजारे तथा आरक्षक सुमन चंद्रवंशी, संतोष मरकाम, और मुकेश दिव्य की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!