
बिलासपुर। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने औरापानी जलाशय गए 32 वर्षीय युवक की सोमवार सुबह नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। सूचना पर पहुंची कोटा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने करीब छह घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद दोपहर में शव बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार नया सरकंडा, गली नंबर-4 निवासी ऋषभ देव (32) पिता ओमप्रकाश देव सोमवार सुबह अपने दोस्तों के साथ औरापानी जलाशय पिकनिक मनाने गया था। सुबह करीब 6:30 बजे सभी दोस्त जलाशय में नहाने उतरे। इसी दौरान ऋषभ अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
साथियों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन पानी की अधिक गहराई के कारण वह कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गया। घटना की जानकारी तत्काल कोटा थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और जलाशय में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग एक बजे ऋषभ का शव जलाशय से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में जलाशयों, बांधों और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतें तथा सुरक्षा उपायों का पालन करें, क्योंकि जलस्तर और गहराई का सही अनुमान नहीं लग पाने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
