
शशि मिश्रा

जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में रात के समय घर में चोरी की नीयत से घुसे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी वारदात के दौरान भागते समय अपनी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया था, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान कर कार्रवाई की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 28 मई 2026 की रात लगभग 1:30 बजे ग्राम अमोदा की है। प्रार्थी शत्रुघ्न करियरे अपने घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति चोरी की नीयत से उनके घर में घुस गया। आरोपी ने पहले घर के बाहर और अंदर लगे जलते हुए बल्ब निकालकर फेंक दिए, ताकि अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी की घटना को अंजाम दे सके।
आवाज सुनकर प्रार्थी की नींद खुल गई। उन्होंने दौड़कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने धक्का देकर भागने की कोशिश की। हड़बड़ी में भागते समय आरोपी के दो मोबाइल फोन, गमछा, चप्पल और मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छूट गए।
घटना की सूचना मिलने पर नवागढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मिले मोबाइल और बाइक के आधार पर आरोपी की पहचान सुनील कश्यप (35 वर्ष) निवासी हरदीहरि थाना नवागढ़ के रूप में की गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की नीयत से घर में घुसना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, थाना प्रभारी नवागढ़ के नेतृत्व में थाना स्टाफ द्वारा की गई। पुलिस अधिकारियों ने मामले में त्वरित कार्रवाई करने वाली टीम की सराहना की है।
