चरणदास महंत के बयान पर बवाल, बिलासपुर में भगवा ब्रिगेड ने फूंका पुतला

शशि मिश्रा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत द्वारा जगद्गुरु रामभद्राचार्य को लेकर दिए गए बयान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। महंत के बयान को लेकर भाजपा और हिंदूवादी संगठनों ने कांग्रेस पर सनातन विरोधी मानसिकता का आरोप लगाया है। इसी कड़ी में शुक्रवार शाम बिलासपुर के देवकीनंदन चौक पर सर्व हिन्दू समाज,भगवा ब्रिगेड के नेतृत्व में कांग्रेस और डॉ. चरणदास महंत के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी सम्मिलित हुई।

जानकारी के अनुसार, डॉ. चरणदास महंत ने हाल ही में चिरमिरी प्रवास के दौरान कहा था कि वह जगद्गुरु रामभद्राचार्य से मिलने नहीं जाएंगे, क्योंकि वह उन्हें जगद्गुरु नहीं मानते और उनके अनुसार रामभद्राचार्य भाजपा के प्रचारक की तरह कार्य कर रहे हैं। महंत के इस बयान के बाद कांग्रेस के अन्य नेताओं के बयान भी सामने आए, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, टी.एस. सिंहदेव सहित कई नेताओं द्वारा रामभद्राचार्य की आलोचना किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।

इसी मुद्दे को लेकर भाजपा समेत विभिन्न हिंदूवादी संगठनों ने कांग्रेस नेताओं पर तीखा हमला बोला है। उनका कहना है कि कांग्रेस का सनातन विरोधी चेहरा एक बार फिर उजागर हुआ है। संगठनों का आरोप है कि कांग्रेस नेताओं ने कभी मौलवियों या पादरियों के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी नहीं की, लेकिन हिंदू संतों और सनातन पर लगातार आपत्तिजनक बयान दिए जाते हैं।

शुक्रवार शाम लगभग 6 बजे देवकीनंदन चौक पर भगवा ब्रिगेड बिलासपुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता, धर्मरक्षिका महिलाएं और सनातनी एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने डॉ. चरणदास महंत का पुतला दहन करते हुए जमकर नारेबाजी की। “चरणदास महंत मुर्दाबाद” और “सनातन का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भगवा ब्रिगेड के राम सिंह ठाकुर ने कहा कि सनातन धर्म, संतों और सनातनियों का अपमान हिंदू समाज किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार हिंदू आस्था और संत समाज को निशाना बना रही है, जिससे आम हिंदू समाज में आक्रोश व्याप्त है।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी चेतावनी दी कि यदि डॉ. चरणदास महंत भविष्य में बिलासपुर दौरे पर आते हैं तो उनका विरोध काले झंडे दिखाकर और विरोधी नारों के साथ किया जाएगा। भगवा ब्रिगेड के पदाधिकारियों ने दावा किया कि देश अब कांग्रेस की नीतियों को समझ चुका है और कांग्रेस मुक्त भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!