अवैध कबाड़ कारोबार पर चला बुलडोजर, चार दुकानें सील, 27 रिक्शे जब्त

शहर में अवैध कबाड़ कारोबार और अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। चकरभाठा, कोनी और चांटीडीह क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान चार अवैध कबाड़ दुकानों को सील किया गया, जबकि 27 रिक्शे जब्त किए गए। कई स्थानों पर सड़क तक फैले शेड, अवैध निर्माण और कब्जे भी हटाए गए।

चकरभाठा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर गेट के पास पिंटू चौहान द्वारा संचालित अवैध कबाड़ दुकान और गोदाम को जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया गया। वहीं चांटीडीह के ईरानी मोहल्ले में मंसूर बेग और नानू साहू द्वारा किए गए अतिक्रमण पर कार्रवाई करते हुए कबाड़ दुकान और गोदाम हटाए गए।

कार्रवाई के दौरान नगर निगम और पुलिस की टीम ने मौके पर मौजूद रहकर निर्माणों और दस्तावेजों की जांच की। कई कबाड़ कारोबारियों ने अपने दस्तावेज अधिकारियों को सौंपे, लेकिन तीन गोदाम सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे में पाए जाने पर तोड़ दिए गए।

एएसपी ने बताया कि कोनी रोड पर शिव साहू द्वारा पक्का मकान होने के बावजूद सरकारी जमीन पर कब्जा कर कबाड़ का कारोबार किया जा रहा था, जिसे हटाया गया। इसके अलावा बिरयानी सेंटर का अवैध शेड और एक नाश्ता सेंटर की दीवार भी गिराई गई।

सरकंडा के जबड़ापारा इलाके में भी कार्रवाई करते हुए राजू मेमन के 22 और अभिनव पटेल के 5 रिक्शे जब्त किए गए। पूरे अभियान के दौरान पुलिस और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!