भरण-पोषण केस की सुनवाई के दौरान पति ने कहा ‘तीन तलाक’, मामला दर्ज

बिलासपुर। भरण-पोषण प्रकरण की सुनवाई के दौरान कोर्ट परिसर के बाहर पत्नी को ‘तीन तलाक’ कहकर संबंध समाप्त करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकार संरक्षण) अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी एक मुस्लिम युवती की शादी करीब दो वर्ष पूर्व बिलासपुर निवासी युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के आरोप लगने लगे। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। साथ ही उसने न्यायालय में भरण-पोषण के लिए परिवाद भी प्रस्तुत किया था।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को दोनों पक्ष सुनवाई के लिए कोर्ट पहुंचे थे। सुनवाई शुरू होने से पहले पीड़िता दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराने कोर्ट परिसर के बाहर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसका पति भी वहां पहुंच गया और परिवार को कोर्ट में घसीटने की बात कहते हुए सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज करने लगा।

पीड़िता के अनुसार विवाद के दौरान आरोपी ने ‘तीन तलाक’ कहकर उससे संबंध समाप्त करने की बात कही। घटना के दौरान कोर्ट परिसर के बाहर मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

घटना के बाद पीड़िता सीधे सिविल लाइन थाने पहुंची और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों सहित अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!