
बिलासपुर। कोनी थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) गगन कुमार के मार्गदर्शन में कोनी पुलिस क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 10 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम तुरकाडीह चौक में एक व्यक्ति तलवार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विवेक कुमार पांडे के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक युवक हाथ में तलवार लेकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत करता मिला। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर थाना लाया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दयाशंकर लोनिया (32 वर्ष) निवासी लोनियापारा, ग्राम घुटकू, थाना कोनी, जिला बिलासपुर बताया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया तथा न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
