
बिलासपुर। होम लोन की किश्तों में कथित गड़बड़ी कर ग्राहक के 4.60 लाख रुपये का गबन करने के आरोप में तोरवा पुलिस ने सेंट बैंक होम फाइनेंस लिमिटेड की बिलासपुर शाखा की शाखा प्रबंधक अपर्णा विश्वास और कर्मचारी नितिन निगम के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शिकायत और दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हेमूनगर निवासी शकील कुरैशी ने शिकायत में बताया कि उन्होंने वर्ष 2012 में व्यापार विहार स्थित शाखा से अपनी जमीन बंधक रखकर 12 लाख रुपये का होम लोन लिया था, जिसकी अदायगी 180 मासिक किश्तों में की जानी थी। उनका कहना है कि कोरोना काल से पहले तक वे नियमित रूप से किश्तें जमा करते रहे।
शिकायत के अनुसार, कंपनी की ओर से 9 दिसंबर 2025 को जारी विवरण में बताया गया कि उन्होंने 27.58 लाख रुपये से अधिक की राशि जमा की है। इसके बावजूद उनके लोन खाते में 15.97 लाख रुपये बकाया दर्शाया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि अलग-अलग तिथियों में 1.60 लाख रुपये नकद, 2.75 लाख रुपये नकद तथा 3 लाख रुपये डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से कुल 7.35 लाख रुपये जमा किए गए थे। इनमें से केवल 2.75 लाख रुपये की ही प्रविष्टि लोन खाते में की गई, जबकि शेष 4.60 लाख रुपये का हिसाब खाते में नहीं जोड़ा गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जमा राशि को लोन खाते में दर्ज नहीं कर कृत्रिम रूप से बकाया बढ़ाया गया और इसी आधार पर उनकी बंधक संपत्ति की कुर्की की तैयारी की जा रही थी। उन्होंने इसे सुनियोजित षड्यंत्र बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
तोरवा पुलिस ने शिकायत, बैंक स्टेटमेंट और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर शाखा प्रबंधक अपर्णा विश्वास और कर्मचारी नितिन निगम के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
