
बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में हाईवा की टक्कर से स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गुरुवार दोपहर बिनौरी मोड़ के पास हुआ। दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम लोहर्सी निवासी बरन भानु (50) अपने साथी बंशी श्रीवास के साथ स्कूटी (सीजी-22-एई-0512) से मल्हार जा रहे थे। परिजनों ने बताया कि परिवार में शादी होने वाली है और दहेज में देने के लिए दोनों टीवी खरीदने निकले थे। इसी दौरान सामने से आ रही हाईवा (सीजी-22-जे-8196) ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर डायल-112 और पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों को मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिम्स रेफर किया गया।
इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह बरन भानु की मौत हो गई, जबकि बंशी श्रीवास का उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार हाईवा चालक की तलाश शुरू कर दी है।
