

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शुक्रवार को प्रदेश के सभी 17 प्रकोष्ठों की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला एवं बैठक आयोजित की गई। सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चली इस महत्वपूर्ण बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंहदेव, संगठन महामंत्री पवन साय सहित प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी, संभाग एवं जिला प्रभारी, संयोजक, सहसंयोजक तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ की सक्रिय एवं प्रभावशाली उपस्थिति विशेष रूप से देखने को मिली। प्रदेश संयोजक संजू नारायण सिंह अपने संपूर्ण प्रदेश कार्यकारिणी के साथ बैठक में शामिल हुए। उनके नेतृत्व में प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, संभाग प्रभारी एवं सह प्रभारी, जिला प्रभारी, सह प्रभारी, जिला संयोजक तथा कार्यकारिणी सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से पहुंचे कार्यकर्ताओं के साथ सहभागिता निभाई।
बैठक में बिलासपुर संभाग प्रभारी राजेश यादव, सह प्रभारी पल्लवधर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पेंड्रा-गौरेला-मरवाही प्रभारी बिज्जू राव, बिलासपुर ग्रामीण संयोजक थानूराम साहू, सह संयोजक ईश्वर प्रसाद यादव, विवेक पांडेय, गणेश प्रसाद साहू सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में एक आदर्श भाजपा कार्यकर्ता के चार प्रमुख गुणों पर प्रकाश डालते हुए संगठन के प्रति समर्पण, अनुशासन, सेवा भाव और जनसंपर्क को कार्यकर्ता की सबसे बड़ी ताकत बताया। वहीं संगठन महामंत्री पवन साय और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर मार्गदर्शन दिया।

प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सभी 17 प्रकोष्ठों तथा नवगठित जिलों के संयोजकों और सहसंयोजकों की यह कार्यशाला संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व संयुक्त मोर्चों की कार्यशाला आयोजित की गई थी, जिसके बाद अब सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने भी संगठन के विस्तार, समाज के अंतिम व्यक्ति तक भाजपा की नीतियों को पहुंचाने तथा आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।

