
शशि मिश्रा
बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र स्थित होटल में आईपीएल मैच के दौरान बड़े सट्टा कारोबार का खुलासा हुआ है। पुलिस ने रविवार देर रात सूचना के आधार पर होटल में छापा मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार होटल के दो कमरों में आईपीएल मैच पर सट्टा संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से निखिल शर्मा और अविनाश पंजवानी को पकड़ा है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी शहर के एक बड़े भाजपा नेता के भाई के पार्टनर हैं। सूत्रों के मुताबिक होटल आनंदा के दो कमरे कथित रूप से हमेशा संबंधित पक्ष के लिए बुक रहते थे, जहां जुआ और सट्टे जैसी गतिविधियां संचालित होने की चर्चा लंबे समय से थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही थी।रविवार देर रात हुई कार्रवाई के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता और बरामद सामग्री की आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
