
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शांति नगर स्थित ठेठा डबरी में दिनदहाड़े सूने मकान में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर खिड़की तोड़कर घर में घुसे और 30 हजार रुपये नकद, दो गैस सिलेंडर तथा कांसे के बर्तन चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ठेठा डबरी निवासी सवेरी मानिकपुरी घरेलू सहायिका हैं। 7 जुलाई की सुबह करीब छह बजे वह घर में ताला लगाकर काम पर गई थीं। रात करीब आठ बजे लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला। जांच करने पर पता चला कि चोर रसोई की अधूरी खिड़की तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए थे।
चोर आलमारी के लॉकर में रखे 30 हजार रुपये नकद, एक भरा और एक खाली भारत गैस सिलेंडर तथा शादी में मिले कांसे की थालियां और लोटे चोरी कर ले गए। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी।
