
बिलासपुर। खोंगसरा-बेलगहना मार्ग पर मरही माता दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के एक परिवार पर अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। घटना में महिलाएं और पुरुष घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए आमागोहन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। मामले की सूचना बेलगहना चौकी पुलिस को दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार एक परिवार मरही माता मंदिर से दर्शन कर पिकअप और कार से वापस लौट रहा था। इसी दौरान खोंगसरा-पेंड्रा मार्ग की संकरी सड़क पर पीछे से आ रहे एक पिकअप वाहन में सवार युवकों ने साइड देने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। सड़क संकरी होने के कारण श्रद्धालुओं के वाहन को तत्काल साइड देने में देर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ दूरी आगे जाकर युवकों ने श्रद्धालुओं के वाहन को जबरन रुकवाया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जब परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे तो महिलाओं और पुरुषों के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को आमागोहन पीएचसी पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
