
पेण्ड्रा। मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेमरदरी के बगैहा मोहल्ले में जहरीले घोड़ा करैत सांप के डसने से विशेष पिछड़ी जनजाति पंडो समुदाय के एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय बुद्ध सिंह पंडो, पिता भारत सिंह पंडो, सोमवार रात भोजन करने के बाद अपने घर में जमीन पर सो रहे थे। तड़के करीब तीन बजे जहरीले घोड़ा करैत सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के काटने के बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।
परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी और युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
