

बिलासपुर। सरकंडा के कपिल नगर क्षेत्र में पिछले दस दिनों से चल रही गंदे पानी की समस्या से अब लोगों को राहत मिलने लगी है। रविवार को इलाके के करीब 80 प्रतिशत घरों में साफ पानी की सप्लाई हुई। हालांकि लगभग 20 प्रतिशत घरों में सुबह के समय कुछ देर तक गंदा पानी आने की शिकायत रही, लेकिन शाम तक वहां भी साफ पानी पहुंचने लगा। इसके बाद क्षेत्रवासियों ने आंशिक राहत महसूस की।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार पिछले कई दिनों से लगातार पाइपलाइन की जांच और फ्लशिंग का कार्य किया जा रहा था, जिसका असर अब दिखाई देने लगा है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे क्षेत्र में पूरी तरह साफ पानी की सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।
वहीं दूसरी ओर सरकंडा क्षेत्र के सीपत मेन रोड स्थित गुप्ता डेयरी लाइन में पेयजल संकट गहरा गया है। नियमित जलापूर्ति प्रभावित होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निगम की ओर से पानी के टैंकर भेजे जा रहे हैं, लेकिन दोपहर के समय टैंकर पहुंचने से रहवासी नाराज हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोपहर में अधिकांश लोग कामकाज में व्यस्त रहते हैं, जिससे पर्याप्त मात्रा में पानी भर पाना संभव नहीं हो पाता। लोगों ने सुबह और शाम के समय टैंकर भेजने की मांग की है।
इधर वार्ड क्रमांक 49 बहतराई में भी पानी की समस्या लगातार बनी हुई है। कई मोहल्लों में नियमित पानी सप्लाई प्रभावित होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड पार्षद ने बताया कि स्थिति गंभीर बनी हुई है और निगम के जोन कार्यालय से पर्याप्त संख्या में पानी के टैंकर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। मांग के मुकाबले कम टैंकर मिलने से प्रभावित इलाकों में समय पर पानी पहुंचाना मुश्किल हो रहा है।
