केस दर्ज होते ही घबराया चोर, गहनों की पोटली और माफीनामा घर के आंगन में फेंककर फरार

रायगढ़। जिले के में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और आम लोगों को हैरान कर दिया है। सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए के जेवरात और नकदी चोरी करने वाला चोर पुलिस कार्रवाई के डर से महज 24 घंटे के भीतर घबरा गया। आरोपी चोरी किए गए जेवरात एक पोटली में बांधकर पीड़ित के घर के आंगन में फेंक गया और साथ में माफीनामा भी छोड़ गया। हालांकि, चोरी की गई 32 हजार रुपए नकदी वापस नहीं की गई है।

मामला खरसिया के तुर्भीभांठा वार्ड क्रमांक-08 का है। यहां रहने वाले मुर्गी दाना व्यवसायी की पत्नी मायके गई हुई थीं। 22 मई की सुबह संजय घर में ताला लगाकर दुकान चले गए थे। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर चोर घर में घुस गया।

चोर ने बेडरूम में रखी तिजोरी और अलमारी के लॉकर को कटर से काट दिया और वहां रखे लगभग 6.82 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात तथा 32 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गया। रात में घर लौटने पर संजय को चोरी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

23 मई को खरसिया पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। एफआईआर दर्ज होने के अगले ही दिन शनिवार सुबह पीड़ित परिवार ने घर के आंगन में एक संदिग्ध पोटली और कागज का टुकड़ा पड़ा देखा। पोटली खोलने पर उसमें चोरी किए गए गहने मिले, जबकि साथ रखे पत्र में आरोपी ने माफी मांगी थी।

पुलिस अब माफीनामे को अहम सबूत मान रही है। पत्र को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि फिंगरप्रिंट और हैंडराइटिंग के जरिए आरोपी तक पहुंचा जा सके। पुलिस का मानना है कि आरोपी घर और परिवार की गतिविधियों की जानकारी रखने वाला हो सकता है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चोरी का सामान लौटाने से अपराध समाप्त नहीं हो जाता। चूंकि नकद राशि अभी भी गायब है, इसलिए मामले की जांच जारी रहेगी और आरोपी की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!