

मुंगेली, 24 मई 2026।
मुंगेली पुलिस द्वारा अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘‘ऑपरेशन बाज’’ अभियान के तहत थाना लोरमी एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 09 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी सहित मोबाइल फोन, ताश पत्ती एवं मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में 23 मई 2026 को यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना लोरमी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवागांव वेंकट के खार खेत में कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर साइबर सेल एवं थाना लोरमी की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां 09 व्यक्तियों को जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़ा गया।
पकड़े गए आरोपियों में मनोज अहिरवार, लवसिंह राजपूत, हेमंत रात्रे, अजय टंडन, लक्ष्मीनारायण कश्यप, मुकेश जायसवाल, सूरज सतनामी, मनीष लोधी एवं बलराम निषाद शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं फड़ से 36 हजार 500 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, 07 मोबाइल फोन कीमत लगभग 62 हजार 500 रुपये तथा 06 मोटरसाइकिल कीमत लगभग 2 लाख 40 हजार रुपये जब्त किए हैं। कुल जब्ती की कीमत लगभग 3 लाख 39 हजार रुपये बताई गई है।
सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। साथ ही धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हेतु न्यायालय में पेश किया गया।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सतेन्द्रपुरी गोस्वामी, उप निरीक्षक गणपति राव सहित साइबर सेल एवं थाना लोरमी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस ने अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
