
बिलासपुर। मसानगंज स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास बीती रात करीब पौने दो बजे महिलाओं के बीच जमकर विवाद हो गया। लापता व्यक्ति की तलाश में पहुंचीं मां-बेटी और वहां रहने वाली महिला के बीच कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
घटना में दोनों पक्षों की महिलाओं के सिर और हाथ में चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकंडा क्षेत्र के गीतांजलि सिटी फेस-2 निवासी बी.कॉम की छात्रा अंजली अवस्थी ने पुलिस को बताया कि 20 मई की रात उसके पिता अतुल अवस्थी देर रात तक घर नहीं लौटे थे। चिंतित होकर जब उसने पिता के मोबाइल पर कॉल किया, तब फोन के पीछे से प्रभा हिमले नाम की महिला की आवाज सुनाई दी। इसके बाद अंजली अपनी मां के साथ मसानगंज स्थित महिला के घर पहुंची, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
