उसलापुर निवासी रिटायर्ड कर्मचारी साइबर ठगी का शिकार, रहस्यमयी ढंग से तीन खातों से 3.32 लाख पार

बिलासपुर। साइबर ठगों ने उसलापुर में रहने वाले एक रिटायर्ड शासकीय कर्मचारी को निशाना बनाकर उनके तीन अलग-अलग बैंक खातों से 4 ट्रांजैक्शन में कुल 3 लाख 32 हजार 184 रुपए निकाल लिए। पीड़ित को काफी समय तक ठगी की जानकारी नहीं हो सकी। बैंक में लेन-देन की जानकारी लेने पहुंचने पर मामले का खुलासा हुआ।

उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू कॉलोनी निवासी 69 वर्षीय बृजलाल श्रीवास ने पुलिस को बताया कि वे सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और पेंशन के सहारे जीवनयापन करते हैं। अज्ञात साइबर ठगों ने अलग-अलग तारीखों में उनके बैंक खातों से रकम पार कर दी।

जानकारी के अनुसार 8 अप्रैल को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 94 हजार 67 रुपए निकाल लिए गए। इसी दिन स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से भी 94 हजार 67 रुपए पार कर दिए गए। अगले दिन 9 अप्रैल को आईसीआईसीआई बैंक खाते से सुबह 8:26 बजे 49 हजार 50 रुपए निकाल लिए गए। इसके बाद 16 मई को ठगों ने फिर यूनियन बैंक खाते को निशाना बनाते हुए 1 लाख 25 हजार रुपए उड़ा दिए।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक ट्रांजैक्शन और मोबाइल लिंक की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!