
राज्य के एकमात्र आत्मानंद इंग्लिश मीडियम कॉलेज के नए भवन निर्माण का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। नगर निगम ने निर्माण कार्य के लिए एनओसी जारी कर दी है और संबंधित एजेंसी को जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। लगभग 10 करोड़ रुपए की लागत से 10 एकड़ भूमि पर इस कॉलेज का निर्माण किया जाएगा।
बुधवार को लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर आर.के. रात्रे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के लिए फाइल शासन को भेज दी है। प्रशासन का कहना है कि प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
कॉलेज के लिए उपयुक्त जमीन की तलाश लंबे समय से चल रही थी। इससे पहले कोनी और चिचिरदा गांव में जमीन चिन्हित की गई थी, लेकिन शहर से दूरी और तकनीकी कारणों के चलते उन प्रस्तावों को निरस्त कर दिया गया। बाद में घुरू अमेरी स्थित प्राइमरी स्कूल की जमीन को सबसे उपयुक्त मानते हुए यहीं कॉलेज निर्माण का निर्णय लिया गया।
प्रस्तावित आत्मानंद इंग्लिश मीडियम कॉलेज का भवन दो मंजिला होगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस कैंपस में छात्रों के लिए सुसज्जित क्लासरूम, प्राचार्य कक्ष, स्टाफ रूम और अन्य प्रशासनिक कक्ष बनाए जाएंगे। इसके अलावा छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल, बाउंड्रीवॉल और भव्य मुख्य द्वार जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
बताया जा रहा है कि कॉलेज की मंजूरी में हुई देरी के कारण निर्माण प्रक्रिया भी प्रभावित हुई थी। फिलहाल आत्मानंद इंग्लिश मीडियम कॉलेज का संचालन अस्थाई रूप से पुराने हाई कोर्ट भवन में किया जा रहा है। नए भवन के तैयार होने के बाद कॉलेज को वहां शिफ्ट किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
