
बिलासपुर में अवैध कब्जों और नियम विरुद्ध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। अतिक्रमण दस्ते ने अशोक नगर और नेचर सिटी क्षेत्र में अभियान चलाकर सरकारी जमीन पर बने अवैध मकानों को तोड़ा और एक निर्माण कार्य को रुकवा दिया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध भी किया।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे नगर निगम का अमला अशोक नगर स्थित बिजली कार्यालय के पास पहुंचा। यहां सरकारी जमीन पर छह पक्के मकान बनाए जाने की शिकायत मिली थी। निगम की टीम ने कार्रवाई शुरू की तो मौके पर मौजूद लोगों ने हंगामा करते हुए विरोध जताया और अमले को खरी-खोटी सुनाई। हालांकि विरोध के बावजूद निगम की टीम ने कार्रवाई जारी रखी और सभी छह अवैध मकानों को ध्वस्त कर दिया।
नगर निगम के कार्यपालन यंत्री जुगल सिंह ने बताया कि शहर में अवैध कब्जों और नियम विरुद्ध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
इसी दौरान निगम की टीम ने नेचर सिटी क्षेत्र में श्रीरामचंद्र हार्टफुलनेस संस्थान द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य की भी जांच की। निगम अधिकारियों के मुताबिक शिकायत मिलने के बाद भवन अधिकारी के निर्देश पर मौके पर ही निर्माण कार्य रुकवा दिया गया। मामले की तकनीकी जांच की जा रही है।
उधर नेचर सिटी क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया। यहां एक बहुमंजिला इमारत की पांचवीं मंजिल से करीब 20 फीट लंबा लोहे का पाइप नीचे गिरकर हाईटेंशन बिजली तारों पर जा अटका। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि समय रहते स्थिति नियंत्रित कर ली गई और कोई जनहानि नहीं हुई।
