

बिलासपुर। “आओ सवारें कल अपना” अभियान के तहत चेतना अभियान “अतुलनीय बिलासपुर, सुरक्षित बिलासपुर” के अंतर्गत आयोजित समर कैंप में बच्चों और युवाओं को खेल, कला और मनोरंजन के विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को मोबाइल, नशे और आपराधिक गतिविधियों से दूर रखते हुए सकारात्मक दिशा देना है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस समर कैंप में बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के लिए विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पुलिस लाइन स्थित पुलिस ग्राउंड में आयोजित कैंप में तायक्वांडो, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बैडमिंटन, हॉकी, रनिंग, मनोरंजन गतिविधियों के साथ सिलाई और क्राफ्ट का प्रशिक्षण भी शामिल है।

पुलिस विभाग के अनुसार कैंप में वॉलीबॉल में लगभग 35, हैंडबॉल में 40, हॉकी में 70, रनिंग में 50 और तायक्वांडो में करीब 70 बच्चे प्रशिक्षण ले रहे हैं। इनमें कई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं, जिन्हें लगातार विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
अभियान के तहत पुलिस परिवार की महिलाओं और युवतियों के लिए भी नवीन पुलिस लाइन कार्यालय के मनोरंजन कक्ष में सिलाई और क्राफ्ट प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। यहां 60 से अधिक महिलाएं और युवतियां प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

एसएसपी रजनेश सिंह समय-समय पर कैंप पहुंचकर बच्चों की गतिविधियों की जानकारी लेते हैं और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश देते हैं। इसी क्रम में कलेक्टर ने भी कैंप पहुंचकर बच्चों से मुलाकात की और उन्हें योगा मैट वितरित कर मार्गदर्शन दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान के जरिए समाज के हर वर्ग को चेतना अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोग नशा, व्यसन और अपराध से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों में भाग लें तथा पुलिस के साथ मिलकर सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करें।
