43.4 डिग्री पहुंचा पारा, अगले 6 दिनों तक लू चलने की चेतावनी

बिलासपुर। पिछले कुछ दिनों से आंधी और बारिश थमने के बाद अब गर्मी ने फिर से तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 20 मई से 25 मई तक लगातार छह दिनों के लिए हीट वेव यानी लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।

मंगलवार सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। दोपहर होते-होते गर्म हवाओं का असर बढ़ गया और सुबह 11 बजे के बाद अधिकांश सड़कें सूनी नजर आने लगीं। तेज धूप के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। देवकीनंदन चौक समेत शहर के कई प्रमुख इलाकों में दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। 20 मई से 25 मई के बीच अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 31 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इससे रात में भी गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद कम है।

लू से बचाव के लिए सावधानी जरूरी

मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। बाहर निकलते समय हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनने, सिर को टोपी, स्कार्फ या छतरी से ढकने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा लगातार पानी, ओआरएस, नींबू पानी और छाछ पीते रहने की सलाह दी गई है, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। बच्चों, बुजुर्गों और पालतू जानवरों को सीधे धूप के संपर्क में आने से बचाने की अपील भी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!