2 करोड़ के गबन का आरोपी उत्कल एक्सप्रेस से गिरफ्तार, परिवार के साथ भाग रहा था

बिलासपुर। ओडिशा के कोरापुट जिले में करीब 2 करोड़ रुपए के गबन के मामले में फरार आरोपी को तोरवा पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने उत्कल एक्सप्रेस से गिरफ्तार किया है। आरोपी लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी कर परिवार सहित फरार हो रहा था।

जानकारी के अनुसार तोरवा पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के कोरापुट जिले के जयपुर टाउन का एक गबन आरोपी उत्कल एक्सप्रेस से बिलासपुर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रजनीश सिंह अपनी टीम के साथ आरपीएफ जवानों को लेकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे।

उत्कल एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने संदिग्ध बोगी में दबिश दी। इस दौरान पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन जवानों ने उसे घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी की पहचान लक्ष्मीकांत पांडा के रूप में हुई है।

पुलिस आरोपी को पकड़कर तोरवा थाने लाई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की जानकारी तत्काल ओडिशा पुलिस को दे दी गई है। ओडिशा पुलिस के बिलासपुर पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार आरोपी लोन दिलाने के नाम पर स्थानीय लोगों से बड़ी रकम लेकर फरार हुआ था। बताया जा रहा है कि वह परिवार के साथ नकदी और सोने से भरे बैग लेकर भाग रहा था। आरोपी के पास से दो ट्रॉली बैग सहित अन्य सामान बरामद हुआ है। हालांकि ओडिशा पुलिस की उपस्थिति नहीं होने के कारण बैगों की जांच फिलहाल नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!