एमबीए में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर महिला से 3 लाख की ठगी

शशि मिश्रा

बिलासपुर। बेटे का एमबीए में एडमिशन कराने का झांसा देकर एक युवक ने महिला से 3 लाख रुपए की ठगी कर ली। मामले की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिविल लाइन टीआई किशोर केंवट ने बताया कि शिवम रेसिडेंसी शांतिनगर निवासी कैरोलिन मैरी (51) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि फेसबुक विज्ञापन के जरिए उनकी पहचान झारखंड के रांची स्थित हरमू कॉलोनी निवासी अतुल्य अनुभव पिता जोगिंदर सिंह (23) से हुई थी।

आरोपी युवक ने खुद को एक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय का अधिकारी बताते हुए उनके बेटे का एमबीए में एडमिशन कराने का भरोसा दिलाया। उसने प्रोसेसिंग फीस, सीट आरक्षण और अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग किश्तों में महिला से करीब 3 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।

महिला के अनुसार आरोपी ने 11 मई 2026 को उन्हें दिल्ली बुलाया और प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराने की बात कही। लेकिन जब वे दिल्ली पहुंचीं तो आरोपी न तो तय स्थान पर मिला और न ही उसका फोन रिसीव हुआ। खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने पर महिला ने पुलिस से शिकायत की।

पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!