अचानक ब्रेक लगाने से कार में खड़ी मासूम बच्ची की मौत, भाई घायल

शशि मिश्रा

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में कार चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से कार की सामने सीट के पास खड़ी मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया। घटना उसलापुर गोकनेनाला के पास मंगलवार सुबह हुई।

जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ पुथर निवासी संतोष लहरे अपने परिवार के साथ कोटा गनियारी स्थित रिश्तेदार के घर आए थे। मंगलवार 19 मई की सुबह वे कार से परिवार सहित वापस पामगढ़ लौट रहे थे। कार संतोष लहरे चला रहे थे।

सुबह करीब 8:30 बजे उसलापुर गोकनेनाला के पास सामने अचानक एक स्कूटी सवार युवक आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने जोर से ब्रेक लगा दिया। इससे कार की आगे की सीट के पास खड़े संतोष लहरे के दोनों बच्चे — साढ़े तीन वर्षीय मिरी लहरे और चार वर्षीय जॉन लहरे — गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजन दोनों बच्चों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिम्स रेफर कर दिया गया। सिम्स में परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने मिरी लहरे को मृत घोषित कर दिया। वहीं जॉन लहरे का इलाज कर छुट्टी दे दी गई।

सूचना मिलने पर सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार स्कूटी चालक शराब के नशे में था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!