
शशि मिश्रा

बिलासपुर। सिम्स अस्पताल में हिंदूवादी नेता ठाकुर राम सिंह और सुरक्षा गार्ड के बीच हुए विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया में दोनों पक्षों के बीच विवाद और हाथापाई का वीडियो वायरल होने के बाद जहां पहले गार्ड पक्ष की ओर से ठाकुर राम सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी, वहीं अब ठाकुर राम सिंह और उनके समर्थक भी बड़ी संख्या में सिटी कोतवाली पहुंचे और अपना पक्ष रखते हुए शिकायत सौंपी है।

ठाकुर राम सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 15 मई 2026 को वे अपने कुछ साथियों के साथ सिम्स अस्पताल में भर्ती अपने भाई से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान अस्पताल परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्था को देखकर उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों और गार्ड से साफ-सफाई कराने का अनुरोध किया।
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर वहां तैनात गार्ड ने ठाकुर राम सिंह और उनके साथियों के साथ अश्लील गाली-गलौच की तथा अभद्र व्यवहार किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि गार्ड ने जान से मारने की धमकी देते हुए कथित तौर पर “तेरी हिंदूगिरी निकाल दूंगा” जैसी आपत्तिजनक बातें कहीं।

ठाकुर राम सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि गार्ड द्वारा उन पर पूर्व में सिम्स के एक्स-रे टेक्नीशियन के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया। उक्त शिकायत में टेक्नीशियन पर करीब 600 रुपए की अवैध राशि लेने का आरोप लगाया गया था। आवेदन में कहा गया है कि शिकायत वापस नहीं लेने पर अप्रत्यक्ष रूप से धमकाने का प्रयास किया गया।
मामले को लेकर मंगलवार को ठाकुर राम सिंह अपने समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने संबंधित गार्ड और अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है।
इधर, इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सिम्स प्रबंधन ने दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले की जांच कराने की बात कही थी। वहीं गार्ड पक्ष की ओर से पहले ही ठाकुर राम सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। वहीं सिम्स अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों के व्यवहार और सफाई व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
