

बिलासपुर। तोरवा थाना पुलिस ने क्षेत्र में अड्डेबाजों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चार युवकों को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार लोहे के धारदार चाकू बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इस दौरान लालखदान क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर चार युवक धारदार चाकू लेकर आम लोगों में भय और दहशत का माहौल बनाते मिले। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में कुशल पासी (19), सुमीत पाल (18), प्रथम चौहान (20) और शिवम चौहान (22) शामिल हैं। सभी आरोपी परियापारा, लालखदान, थाना तोरवा क्षेत्र के निवासी हैं।
तलाशी के दौरान चारों आरोपियों के कब्जे से चार धारदार लोहे के चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने जप्ती की कार्रवाई के बाद आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 364/2026, 365/2026, 366/2026 एवं 367/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में अलग-अलग मामले दर्ज किए।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अड्डेबाजों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
