

बिलासपुर। ग्राम हॉफा स्थित श्री राम-जानकी, लक्ष्मण, बजरंगबली एवं शंकर भगवान मंदिर में श्रीरामचरितमानस पाठ एवं भजन-गायन का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भक्तिमय माहौल में भगवान श्रीराम एवं बजरंगबली की आराधना की गई।
ग्राम में स्थित यह मंदिर स्वर्गीय गोपाल प्रसाद तिवारी द्वारा स्थापित कराया गया था, जहां प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ होते रहते हैं। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित महेश उपाध्याय द्वारा आयोजित श्रीरामचरितमानस पाठ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
कार्यक्रम के दौरान नृसिंह मंदिर के आचार्य धनेश उपाध्याय ने कहा कि हनुमान जी को श्रीरामचरितमानस का पाठ अत्यंत प्रिय है, क्योंकि वे स्वयं भगवान श्रीराम के परम भक्त हैं। उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार जहां भी रामचरितमानस का पाठ होता है, वहां हनुमान जी अदृश्य रूप से उपस्थित रहते हैं और भक्तों पर अपनी कृपा बनाए रखते हैं।
उन्होंने कहा कि श्रीरामचरितमानस का नियमित पाठ घर-परिवार में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है तथा बजरंगबली की विशेष कृपा प्राप्त होती है। आयोजन के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति और श्रद्धा के वातावरण से सराबोर रहा।
