एमडीएमए की तस्करी पर बिलासपुर पुलिस का बड़ा प्रहार, 2 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। चकरभाठा पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थ एमडीएमए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26.05 ग्राम एमडीएमए और एक एस-क्रॉस कार जब्त की है। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 12.95 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार 19 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एस-क्रॉस कार क्रमांक CG 28 L 8130 में सवार दो युवक ग्राम रहंगी के खोलीभाटा मैदान में कार खड़ी कर मादक पदार्थ एमडीएमए की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद थाना चकरभाठा और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।

पुलिस टीम को देखकर दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 26.05 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने नशीले पदार्थ को बिक्री के उद्देश्य से रखना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में चंद्रेश बलेचा (29) निवासी वार्ड नंबर 12 चकरभाठा और महेश वर्मा (21) निवासी वार्ड नंबर 5 चकरभाठा शामिल हैं। पुलिस ने एमडीएमए और कार को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना या डायल-112 पर दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!