

बिलासपुर। शहर की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से घरेलू सहायकों, ड्राइवरों, गार्ड, केयरटेकर और किराएदारों का अनिवार्य सत्यापन कराने की अपील की है। डीआईजी एवं एसएसपी बिलासपुर श्री रजनेश सिंह ने जनहित में जारी अपील में कहा है कि नागरिकों की सतर्कता अपराध रोकथाम में सबसे बड़ी भूमिका निभाती है।
पुलिस ने सभी कॉलोनीवासियों से अनुरोध किया है कि वे अपने यहां काम करने वाले घरेलू सहायकों तथा बाहर से आकर किराए पर रहने वाले लोगों के आवश्यक दस्तावेज कॉलोनी समिति के अध्यक्ष या सचिव के पास जमा कराएं। इनमें आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, स्थायी पता, फोटो और अन्य जरूरी जानकारी शामिल है।
पुलिस ने लोगों से संबंधित व्यक्तियों का सत्यापन स्थानीय थाना स्तर पर कराने और किराएदारों का वेरिफिकेशन “समाधान ऐप” के माध्यम से करने की भी अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सत्यापन प्रक्रिया से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी और अपराधों की रोकथाम में सहयोग मिलेगा।
डीआईजी एवं एसएसपी ने कहा कि यह कदम नागरिकों, उनके परिवार और पूरे मोहल्ले की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।
