

मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मुंगेली पुलिस ने जमीन कब्जा विवाद और मारपीट के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वामी विवेकानंद वार्ड निवासी श्रीमती लता गुप्ता ने थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर में सेप्टिक टैंक निर्माण के लिए ईंट मंगाई गई थी। 14 मई 2026 की सुबह लगभग 10 बजे उनका पुत्र राजू मजदूरों के साथ ईंट घर के अंदर ला रहा था। इसी दौरान गली से ईंट लाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि संतोष गुप्ता और दिनेश गुप्ता ने लोहे की रॉड से हमला किया तथा अन्य लोगों ने हाथ-थप्पड़ से मारपीट करते हुए अश्लील गाली-गलौज की। बीच-बचाव करने पहुंची प्रार्थिया और उसकी पुत्री नेहा के साथ भी मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई।
प्रार्थिया ने आरोप लगाया कि जमीन पर जबरन कब्जा करने की नीयत से यह हमला किया गया। मामले में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पुलिस ने शांति भंग की आशंका पर संतोष गुप्ता, दिनेश गुप्ता, रमेश गुप्ता और अभिषेक गुप्ता उर्फ लक्की को 19 मई 2026 को प्रतिबंधात्मक धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। आरोपियों को धारा 126(बी), 135(3) बीएनएसएस के तहत बाउंड ओवर की कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली नगर निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, उपनिरीक्षक पारख साहू एवं स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
