
शशि मिश्रा
जांजगीर-चांपा। मुलमुला थाना क्षेत्र में टेंट उखाड़ने से मना करने की बात पर विवाद के बाद युवक द्वारा मारपीट और चाकू लेकर घर में घुसने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम कोसा निवासी समीर घृतलहरे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 मई 2026 की सुबह करीब 9 बजे मोहल्ले में रहने वाला विकास भंडारी उर्फ चकरी पिता कालिदास टेंट उखाड़ने की बात को लेकर विवाद करने लगा।
शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद आरोपी जबरन चाकू लेकर उसके घर में घुस गया और उसके भाई तथा मां के साथ भी मारपीट कर उन्हें चोट पहुंचाई।
मामले की शिकायत पर मुलमुला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
