

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला करने और तोड़फोड़ करने वाले 3 आरोपियों एवं एक अपचारी बालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार घटना 17 मई 2026 की रात करीब 10:35 बजे की है। प्रार्थिया ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि रात के समय कुछ लोगों ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलते ही घनश्याम और उसके साथी जबरन घर के भीतर घुस आए। आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने अपने पास रखे धारदार चाकू से हमला किया और ईंट-पत्थर से घर के गेट पर भी वार किए। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की जानकारी मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने विभिन्न संभावित ठिकानों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर दबिश देकर कुछ ही समय में 3 आरोपियों और एक अपचारी बालक को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश मसीह उर्फ बट्टू (26), पुनीत राव गजवे (22) और पियुष रजक (19) शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी अविनाश मसीह के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल और धारदार चाकू जब्त किया है। वहीं अन्य आरोपियों और अपचारी बालक से मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और भविष्य में ऐसी घटनाओं में शामिल पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
